रामगोपाल यादव का ओम प्रकाश राजभर पर हमला, बोले- ‘मूर्खों की बातों पर ध्यान नहीं देता’

shikha verma
2 Min Read

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) को लेकर चल रही अटकलों के बीच राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। सपा के राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने पार्टी में टूट के दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए ओम प्रकाश राजभर पर तीखा हमला बोला है।

“मूर्खों की बातों पर ध्यान नहीं देता”: रामगोपाल यादव

रामगोपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी में किसी भी तरह की टूट का कोई सवाल नहीं है। उन्होंने कहा, “मूर्खों की बातों का मैं कोई नोटिस नहीं लेता हूं। जो लोग ऐसी बातें कर रहे हैं, वे अपनी पार्टी की चिंता करें।”

उनका यह बयान सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर के उस दावे के बाद आया है, जिसमें उन्होंने सपा में टूट की संभावना जताई थी।

राजभर के दावों पर सियासी घमासान

ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर दावा किया था कि सपा में अंदरूनी मतभेद हैं और कुछ नेताओं के नाम को लेकर राजनीतिक विवाद चल रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाए कि गोमती रिवर फ्रंट मामले से जुड़े कुछ नामों पर चर्चा हो रही है।

इन बयानों के बाद सपा की ओर से प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी प्रवक्ता सुनील साजन ने राजभर के दावों को राजनीतिक बयानबाजी बताया और कहा कि विपक्षी दल झूठे आरोपों के जरिए भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

2027 चुनाव से पहले बढ़ी राजनीतिक गर्मी

2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए यूपी में सियासी बयानबाजी तेज होती जा रही है। विभिन्न दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाकर अपने-अपने राजनीतिक आधार को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment