मेंस्ट्रुअल हाइजीन डे के मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के स्कूलों में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के सभी स्कूलों में स्वच्छ और व्यवस्थित शौचालयों की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी और नियमित रूप से हाइजीन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके साथ ही लड़के और लड़कियों दोनों के लिए मासिक धर्म जागरूकता अभियान भी शुरू किया जाएगा।
सरकार की योजना के तहत सभी स्कूलों में मेडिकल रूम और “मेनस्ट्रुएशन कॉर्नर” बनाए जाएंगे, जहां सैनिटरी नैपकिन, आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री और अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा स्कूलों के वॉशरूम में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाने की प्रक्रिया भी तेज की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि स्कूल स्तर पर एचपीवी वैक्सीनेशन का डेटा एकत्र किया जाएगा और छात्रों को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही “हौसलों की उड़ान” जैसे कार्यक्रमों में सरकारी स्कूलों के बच्चों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
शिक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सरकार जल्द ही एक टोल-फ्री शिकायत और सुझाव नंबर जारी करेगी, जिसे स्कूलों के गेट और दीवारों पर प्रदर्शित किया जाएगा ताकि अभिभावक और छात्र सीधे अपनी बात पहुंचा सकें।
इसके अलावा सभी स्कूलों में आरओ वाटर कूलर लगाने की योजना है और 5 जून से अगस्त तक बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। स्कूलों में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और आधारभूत सुविधाओं के सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सरकार का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य छात्रों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और स्वस्थ शैक्षिक वातावरण तैयार करना है।


