चरखी दादरी (हरियाणा): जिले में एक सनसनीखेज मामले का खुलासा हुआ है, जहां ₹1.20 करोड़ के बीमा और संपत्ति के लालच में पत्नी ने अपने ही पति की हत्या की साजिश रच दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी और चार अन्य साथी पहले ही हिरासत में हैं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला शुरुआत में एक सड़क दुर्घटना के रूप में सामने आया था। 19 अप्रैल की रात गांव तिवाला के पास एक स्कूटी को वाहन ने टक्कर मार दी थी, जिसमें प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया था। हालांकि बाद में परिवार की शिकायत और जांच में यह मामला संदिग्ध पाया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी महिला ने अपने पति के नाम पर फरवरी और अप्रैल 2026 में दो जीवन बीमा पॉलिसियां करवाई थीं, जिनकी कुल राशि ₹1.20 करोड़ थी। दोनों पॉलिसियों में वह स्वयं नॉमिनी थी। इसके अलावा, पति की संपत्ति और अन्य आर्थिक लाभों पर भी उसकी नजर थी, जिससे पूरे मामले में करीब दो करोड़ रुपये के फायदे की साजिश का खुलासा हुआ।
पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि वारदात को सड़क हादसे का रूप देने के लिए योजनाबद्ध तरीके से टक्कर मारी गई थी। मोबाइल कॉल डिटेल, वित्तीय लेन-देन और डिजिटल साक्ष्यों ने पूरे षड्यंत्र की परतें खोल दीं।
डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि इस मामले में महिला, उसके प्रेमी और अन्य चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और अन्य सबूत भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों के आधार पर मजबूत चार्जशीट तैयार की जा रही है, ताकि अदालत में आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।

