बिहार में नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारी तेज, JDU ने बताया संभावित तारीख

Bole India
2 Min Read

बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) की ओर से संकेत दिए गए हैं कि शपथ ग्रहण समारोह जल्द ही हो सकता है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री जमा खान ने इसको लेकर संभावित तारीख भी बताई है।

पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान जमा खान ने कहा कि लगभग सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और अब अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निर्भर करेगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को कैबिनेट की बैठक होगी और इसके बाद बुधवार को नई सरकार के शपथ ग्रहण की संभावना है।

जमा खान ने कहा, “जो भी निर्णय होगा, वह हमारे नेता नीतीश कुमार का होगा। पार्टी पूरी तरह अनुशासित है और सभी फैसले उनके नेतृत्व में ही लिए जाते हैं।”

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चा के बीच राज्य में नई राजनीतिक व्यवस्था को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। JDU नेता ने कहा कि बिहार की जनता चाहती है कि नीतीश कुमार राज्य का नेतृत्व करते रहें।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए जमा खान ने कहा कि तेजस्वी यादव गंभीर राजनीति नहीं करते और वह सदन में भी सक्रिय नजर नहीं आते। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बिहार में नई सरकार का गठन नीतीश कुमार के नेतृत्व में होगा और राज्य का विकास उसी दिशा में आगे बढ़ेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और कहा कि “सब कुछ समय आने पर पता चल जाएगा।”

Share This Article
Leave a Comment