ताजमहल घूमने आई विदेशी महिला की साड़ी संभालने में महिला कांस्टेबल ने की मदद, जीता दिल

shikha verma
2 Min Read

ताजमहल पर तैनात ताज सुरक्षा पुलिस की एक महिला कांस्टेबल ने अपनी संवेदनशीलता और मददगार रवैये से लोगों का दिल जीत लिया। आगरा घूमने आई एक विदेशी महिला पर्यटक की साड़ी ठीक करने में मदद कर महिला कांस्टेबल ने ‘सेवा, सुरक्षा और संवेदना’ का उदाहरण पेश किया।

घटना ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार की है, जहां अर्जेंटीना से आए पर्यटकों का एक दल पहुंचा था। इस समूह में शामिल एक महिला पर्यटक भारतीय परिधान साड़ी पहनकर आई थीं, लेकिन साड़ी पहनने और संभालने का अनुभव न होने के कारण उन्हें परेशानी होने लगी।

स्थिति को देखते हुए ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम में तैनात महिला कांस्टेबल गुड्डी देवी तुरंत पर्यटक के पास पहुंचीं। उन्होंने पूरी सहजता और सम्मान के साथ महिला पर्यटक की साड़ी ठीक करने में मदद की।

विदेशी पर्यटक ने जताया आभार

महिला कांस्टेबल की मदद से विदेशी पर्यटक काफी खुश नजर आईं। उन्होंने मुस्कुराते हुए ‘थैंक यू यूपी पुलिस’ कहकर पुलिसकर्मी का आभार जताया। इसके बाद उन्होंने महिला कांस्टेबल के साथ एक यादगार तस्वीर भी खिंचवाई।

ताज सुरक्षा पुलिस की कार्यशैली की सराहना

अधिकारियों के अनुसार, ताज सुरक्षा पुलिस पर्यटकों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी सुविधाओं का भी ध्यान रखती है। ‘अतिथि देवो भव:’ और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना के तहत पुलिसकर्मी देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सहायता करते हैं। ताज सुरक्षा पुलिस की इस मानवीय पहल की सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर भी सराहना की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment