बिहार में खान सर और रौशन आनंद से जुड़े कोचिंग विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। रौशन आनंद के वकील निरंजन कुमार सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि बेऊर जेल में रौशन आनंद की हत्या की कोशिश की गई थी।
वकील का कहना है कि खान सर से जुड़े दो अंगरक्षक, जो फिलहाल जेल में बंद हैं, उन पर यह प्रयास करने का आरोप है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह घटना 13 तारीख की रात की बताई जा रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रौशन आनंद के भाई (प्रिंस यादव) को लेकर भी विवाद है और नेपाल में कथित रूप से एक हत्या की बात सामने आई है, जिसे उन्होंने सुनियोजित साजिश का हिस्सा बताया।
निरंजन कुमार सिंह ने दावा किया कि पूरी घटना एक बड़े षड्यंत्र का हिस्सा है, जिसकी योजना पटना के कदमकुआं स्थित कोचिंग से बनाई गई थी। उन्होंने कहा कि यह मामला हत्या का प्रतीत होता है और इसके पीछे सुनियोजित साजिश है।
वकील ने यह भी कहा कि वे इस मामले में खान सर के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराएंगे और कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं।फिलहाल इस पूरे मामले पर संबंधित पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


