अजमेर (राजस्थान): जिले में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला टीचर से फेसबुक के जरिए 3.66 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता मृदुला शर्मा, जो एक प्राइवेट कॉलेज में शिक्षिका हैं, ने फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा जिसमें ‘ट्रैक्टर वाला 5 रुपये का नोट’ 48 लाख रुपये में बेचने का दावा किया गया था। यह नोट उनके पास भी मौजूद था, जिसके बाद उन्होंने दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया।
संपर्क करने पर ठगों ने पहले नोट की तस्वीर मांगी और फिर उसे खरीदने में रुचि दिखाई। शुरुआत में प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 520 रुपये की मांग की गई। इसके बाद धीरे-धीरे जीएसटी, वाहन शुल्क, फाइल प्रोसेसिंग और अन्य बहानों के तहत अलग-अलग खातों में पैसे जमा करवाए गए।
पीड़िता से कुल मिलाकर 3 लाख 66 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवाए गए। जब लगातार पैसे मांगे जाने लगे और कोई वास्तविक लेन-देन नहीं हुआ, तब महिला को ठगी का एहसास हुआ।
इसके बाद उन्होंने अपने पति के साथ मिलकर साइबर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस उपाधीक्षक शमशेर खान ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच हेड कॉन्स्टेबल महिपाल सिंह चारण को सौंपी गई है।
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और ठगों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। यह मामला सोशल मीडिया के जरिए होने वाली साइबर ठगी की एक और गंभीर मिसाल बनकर सामने आया है।

