आईपीएल टिकटों की बढ़ती मांग के बीच साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। इसको देखते हुए राजस्थान पुलिस ने क्रिकेट फैंस के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है और लोगों को ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की अपील की है।
कैसे हो रही है ठगी?
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधी असली टिकट बुकिंग वेबसाइट्स की हूबहू नकली वेबसाइट बनाकर लोगों को फंसाते हैं। जैसे ही कोई यूजर वहां कार्ड या बैंक डिटेल डालता है, उसके खाते से पैसे निकाल लिए जाते हैं।
इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम, फेसबुक और टेलीग्राम पर “VIP पास”, “कन्फर्म टिकट” या “आखिरी मौका” जैसे ऑफर देकर लोगों को झांसे में लिया जा रहा है।
फर्जी ऑफर और दबाव तकनीक
ठग अक्सर “सिर्फ 2 टिकट बचे हैं” या “लास्ट ऑफर” जैसे मैसेज भेजकर तुरंत पेमेंट का दबाव बनाते हैं। भुगतान के बाद व्हाट्सएप पर नकली QR कोड या ई-टिकट भेज दिए जाते हैं, जो स्टेडियम में मान्य नहीं होते।
पुलिस की सलाह
पुलिस अधीक्षक (साइबर अपराध) शान्तनु कुमार सिंह ने कहा कि टिकट हमेशा केवल आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत प्लेटफॉर्म जैसे BookMyShow से ही खरीदें।
उन्होंने यह भी सलाह दी कि किसी भी वेबसाइट पर भुगतान करने से पहले उसकी स्पेलिंग, URL और सुरक्षा संकेतों की अच्छी तरह जांच करें।
क्या करें अगर ठगी हो जाए?
अगर कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

