बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar की 25 मार्च को आरा में हुई समृद्धि यात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि मंच पर बैठे मुख्यमंत्री की नजर सामने खड़े एक युवक पर पड़ी, जो हाथ में पोस्टर लिए खड़ा था। पोस्टर पर लिखा था –
“आदरणीय नीतीश जी, कृपया मुख्यमंत्री पद न छोड़ें। बिहार को आपकी आवश्यकता है।”
नीतीश कुमार ने पोस्टर देखकर मुस्कुराते हुए एक सुरक्षाकर्मी से कहा कि वह उसे उनके पास लाए। इस दौरान उनके चेहरे पर भावुकता झलक रही थी।
बापू सभागार से पेश किया बिहार के विकास का रोडमैप
समृद्धि यात्रा के अंतिम दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के बापू सभागार से बिहार के विकास की नई दिशा का रोडमैप पेश किया। अपने संबोधन में उन्होंने बुनियादी ढांचे, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए कार्यों का विवरण देते हुए प्रधानमंत्री Narendra Modi के सहयोग की भी सराहना की।
नीतीश कुमार ने बताया कि उनका लक्ष्य था कि बिहार के किसी भी हिस्से से 5 घंटे में पटना पहुंचा जा सके, जिसे अब रेल ब्रिज, बाईपास और एलिवेटेड रोड के निर्माण से और भी सुगम बना दिया गया है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 2018 में हर घर में बिजली पहुंचा दी गई थी और अब सरकार मुफ्त में सोलर पैनल भी उपलब्ध करा रही है।
महिला सशक्तिकरण और आरक्षण पर जोर
विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “पिछली सरकार ने महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया। जब पति (लालू यादव) हटे तो अपनी पत्नी (राबड़ी देवी) को कुर्सी पर बैठा दिया, लेकिन महिलाओं के उत्थान पर ध्यान नहीं दिया।”
उन्होंने बताया कि बिहार पहला राज्य है जहाँ पंचायती राज और नगर निगम में महिलाओं को 50% आरक्षण दिया गया है। इसके अलावा, पुलिस भर्ती में 35% आरक्षण के कारण आज बिहार में महिला पुलिसकर्मियों की संख्या देश में सबसे अधिक है।
नीतीश कुमार ने यह भी बताया कि 2006 में शुरू हुई जीविका समूहों की संख्या अब 11 लाख हो गई है, जिनसे 1.69 करोड़ महिलाएं जुड़ी हैं।
गरीब परिवारों के लिए आर्थिक मदद
जाति-आधारित गणना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 94 लाख गरीब परिवार पाए गए हैं। इन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए पहले 2 लाख रुपये देने की योजना थी, जिसे अब और बढ़ाने का फैसला लिया गया है। वहीं, वृद्धजनों की पेंशन भी 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दी गई है।
