देवरिया में आंबेडकर प्रतिमा हटाने पर बवाल, पथराव के बाद गांव में पुलिस तैनात

shikha verma
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के लवकनी गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा हटाने को लेकर विवाद सामने आया है। बिना प्रशासनिक अनुमति के सरकारी भूमि पर स्थापित की गई प्रतिमा को हटाने की कार्रवाई के दौरान दो पक्षों में तनाव बढ़ गया और पथराव की घटना हुई। स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों ने मंगलवार रात आंगनवाड़ी केंद्र के पास स्थित ‘नवीन परती’ भूमि पर डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार देर रात तक कई महिलाएं मौके पर मौजूद रहीं। उन्हें आशंका थी कि प्रशासन प्रतिमा को हटा सकता है। इसके बाद गुरुवार को प्रतिमा हटाने की प्रक्रिया को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ा और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

DM-SP ने साझा प्रेस वार्ता में दी जानकारी

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने बताया कि लवकनी गांव में कुछ लोगों द्वारा सरकारी खलिहान की भूमि पर बिना अनुमति डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर संबंधित लोगों से बातचीत की।

अधिकारियों के मुताबिक, जिन लोगों ने प्रतिमा स्थापित की थी, वे सम्मानजनक तरीके से प्रतिमा हटाने के लिए सहमत हो गए थे। इसी दौरान कुछ अराजक तत्वों ने प्रशासन और पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी और कर्मचारी घायल हुए।

प्रशासन ने बताया कि प्रतिमा को सम्मानपूर्वक वहां से हटा दिया गया है। पथराव करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, यदि प्रशासनिक स्तर पर किसी तरह की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य और नियंत्रण में है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment