मथुरा में एक कथित स्वयंभू ‘आध्यात्मिक गुरु’ अभिषेक मिश्रा उर्फ “आदिकर्ता नारायण दास” की गिरफ्तारी के बाद बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने उसे महिलाओं के यौन शोषण, दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोपों में गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया और अपने फर्जी आध्यात्मिक प्रवचनों के जरिए युवतियों को अपने संपर्क में लाता था। वह उन्हें शादी, आध्यात्मिक ज्ञान और बेहतर जीवन का झांसा देकर अपने साथ जोड़ता था।
एक पीड़िता की शिकायत के बाद मामला उजागर हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ की 22 वर्षीय छात्रा ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और फिर आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बनाकर उसे धमकाया।
आरोप है कि अभिषेक मिश्रा खुद को भगवान श्रीकृष्ण का अवतार बताकर महिलाओं को प्रभावित करता था और ‘गांधर्व विवाह’ जैसी अवधारणा के नाम पर कई युवतियों को अपने साथ रखता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के संपर्क में कई शिक्षित महिलाएं भी थीं, जिनमें कुछ अलग-अलग राज्यों से थीं। वह लंबे समय से मथुरा के राधा कुंड क्षेत्र में रह रहा था और वहीं से अपना नेटवर्क चला रहा था।


