बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर ब्रिटेन सरकार एक नया नियम लागू करने की तैयारी में है। प्रस्तावित नियमों के तहत 16 और 17 साल के यूजर्स के लिए रात के समय सोशल मीडिया ऐप्स के इस्तेमाल पर पाबंदी लगाई जा सकती है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस नियम के लागू होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक 16 और 17 साल के यूजर्स का एक्सेस सीमित कर सकते हैं। इस दौरान ऑटोप्ले वीडियो जैसे कुछ फीचर्स को भी बंद करने का प्रस्ताव है।
ब्रिटिश सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य बच्चों की नींद, मानसिक स्वास्थ्य और पढ़ाई पर सकारात्मक असर डालना है। सरकार का मानना है कि रात के समय सोशल मीडिया से दूरी बनाने से युवा बेहतर नींद ले सकेंगे और अपनी पढ़ाई व निजी जीवन पर ज्यादा ध्यान दे पाएंगे।
इससे पहले ब्रिटेन में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया इस्तेमाल को लेकर प्रतिबंध लागू किए जा चुके हैं। नए प्रस्ताव के तहत 16 और 17 साल के युवाओं के लिए भी रात के समय उपयोग सीमित करने की योजना बनाई जा रही है।
टेक्नोलॉजी मंत्री लिज केंडल ने कहा कि इन नियमों का उद्देश्य युवाओं की दिनचर्या को बेहतर बनाना और उन्हें पर्याप्त नींद, शिक्षा तथा परिवार के साथ समय बिताने में मदद करना है।
कब लागू होगा नियम?
बताया जा रहा है कि प्रस्तावित नियमों को जल्द संसद में पेश किया जाएगा। संसद की मंजूरी मिलने के बाद इन्हें अगले साल की शुरुआत में लागू किए जाने की संभावना है। अधिकारियों के अनुसार, कानून बनने के बाद सोशल मीडिया कंपनियों को इन नियमों का पालन करना होगा।
बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर पाबंदी क्यों?
सरकार और इसके समर्थकों का कहना है कि ज्यादा सोशल मीडिया इस्तेमाल बच्चों के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। इसके कारण नींद की कमी, तनाव और चिंता जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।
हालांकि, कुछ विशेषज्ञ और आलोचक इन प्रतिबंधों से सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि केवल एक्सेस सीमित करने से समस्या का पूरा समाधान नहीं होगा और युवा अन्य तरीकों से सोशल मीडिया तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकते हैं।


