मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का निधन, राजनीतिक जगत में शोक

shikha verma
2 Min Read

समाजवादी पार्टी प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह दिवंगत मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे।

परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद प्रतीक यादव को लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. देवेश चंद्र पांडेय ने बताया कि प्रतीक यादव को सुबह 5:55 बजे मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। पुलिस को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

प्रतीक यादव बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति थे। अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। दोनों की शादी प्रेम विवाह थी और बताया जाता है कि उनकी दोस्ती स्कूल के दिनों से थी।

प्रतीक यादव व्यवसाय से जुड़े हुए थे और फिटनेस को लेकर काफी सजग रहते थे।

अखिलेश यादव ने जताया दुख

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा,
“श्री प्रतीक यादव का निधन हिला देने वाली खबर है। भगवान उन्हें शांति प्रदान करे। विनम्र श्रद्धांजलि।”

मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि वह बचपन से प्रतीक को जानते थे और यह घटना परिवार के लिए बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही उनकी मुलाकात हुई थी और उन्होंने प्रतीक को स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी थी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है और उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Share This Article
Leave a Comment