मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज भोपाल पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। यहां प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई। इस बैठक में विशेष रूप से पिछले महीने रायपुर में आयोजित डीजी-आईजी कॉन्फ्रेंस में लिए गए निर्णयों को प्रदेश स्तर पर लागू करने पर चर्चा हुई।
बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने पुलिस मुख्यालय से मोबाइल फॉरेंसिक वैनों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया जो अपराधों की मौके पर ही जल्द से जल्द जांच के लिए तैयार की गईं हैं। ये वैन राज्य के विभिन्न जिलों में क्राइम सीन पर त्वरित और सटीक जांच सुनिश्चित करेगी।
मुख्यमंत्री की पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक
सीएम डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में पिछले माह रायपुर में आयोजित डीजीपी-आईजी कॉन्फ्रेंस में लिए गए निर्णयों पर चर्चा की गई और उन्हें मध्यप्रदेश में लागू करने की रणनीति पर विचार हुआ। बता दें कि कि रायपुर कॉन्फ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हुए थे।
पुलिस भर्ती बोर्ड के संबंध में निर्देश जारी किए
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि प्रदेश में पुलिस सुधारों को तेज गति से लागू किया जा रहा है। इसी के साथ उन्होंने जानकारी दी पुलिस भर्ती बोर्ड के संबंध में भी निर्देश दिए हैं और जल्द ही इसकी स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्राइम इन्वेस्टिगेशन को मजबूत करने के लिए तकनीकी संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है, वैज्ञानिक प्रयोगशालाएं विकसित की जा रही हैं और फोरेंसिक साइंस लैब की क्षमताएं बढ़ाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे को बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि भविष्य में ऐसी किसी भी गतिविधि को बढ़ने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि आज की बैठक के बाद पुलिस विभाग को कई लाभ होंगे।
मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाई
बैठक से पूर्व सीएम डॉ मोहन यादव ने मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि कुल 57 मोबाइल फॉरेंसिक वैन मध्यप्रदेश पुलिस को उपलब्ध कराई जा रही हैं जिनकी कुल लागत 36 करोड़ 94 लाख 17 हजार 969 रुपये है। इन वैनों को केंद्र सरकार द्वारा वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। इन मोबाइल वैनों में अत्याधुनिक उपकरण जैसे स्टीरियो माइक्रोस्कोप, डीएसएलआर कैमरा, थर्मल प्रिंटर, बॉडी-वॉर्न कैमरा, तथा फिंगरप्रिंट, डीएनए संग्रहण और साक्ष्य पैकिंग किट सहित कई आवश्यक उपकरण शामिल हैं।


