संभल : स्विफ्ट डिजायर चोरी मामले में पुलिस से मुठभेड़, शातिर ऑटो लिफ्टर घायल

Bole India
3 Min Read

चंदौसी कोतवाली क्षेत्र में स्विफ्ट डिजायर चोरी का अलर्ट मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आटा क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी। नाका देखकर संदिग्ध चालक गाड़ी छोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार घायल आरोपी की पहचान आकाश बाबू के रूप में हुई है, जो शातिर ऑटो लिफ्टर बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आकाश बाबू बीते सात आठ महीनों से बदायूं, मुरादाबाद और सम्भल तीनों जनपदों में अलग-अलग समय पर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। बहजोई क्षेत्र से उसने दो और चंदौसी से दो कारें चोरी की थीं। पांचवीं कार चोरी की कोशिश के दौरान उसकी पुलिस से मुठभेड़ हुई।

आरोपी का तरीका बेहद संगठित था। पुलिस के मुताबिक, वह मुख्य रूप से मारुति सुजुकी की गाड़ियों को निशाना बनाता था और उन्हें चोरी करने में एक्सपर्ट माना जाता है। चोरी के बाद वह वाहन दिल्ली ले जाकर कबाड़ियों को बेच देता था। जहां-जहां आरोपी ने गाड़ियां बेची हैं, उन ठिकानों पर पुलिस द्वारा दबिश दी जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस ऑपरेशन में आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासे और बरामदगी हो सकती है।

मुठभेड़ के बाद आरोपी के पास से एक तमंचा तथा 15 से 20 अलग-अलग गाड़ियों की चाबियां बरामद हुई हैं, जिससे उसके व्यापक नेटवर्क और लगातार चोरी की वारदातों की पुष्टि होती है।

जिला अस्पताल पहुंचकर पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने घायल आरोपी से पूछताछ की। एसपी ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी के अन्य मामलों का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में वाहन चोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment