नई दिल्ली: फिल्म इंडस्ट्री में कई कहानियां रीमेक होती हैं, लेकिन इटैलियन ड्रामा-कॉमेडी ‘परफेटी स्कोनोसियुटी’ ने रीमेक के मामले में एक अनोखा रिकॉर्ड बना दिया है। इस 2016 की फिल्म को महज कुछ ही वर्षों में 26 बार अलग-अलग भाषाओं और देशों में रीमेक किया जा चुका है, जिसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया गया है।
इस फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी कहानी को फ्रेंच, कोरियन, रूसी, अरबिक, जर्मन और कई अन्य भाषाओं में दोहराया गया। इनमें फ्रेंच वर्जन ‘Nothing to Hide’, कोरियन ‘Intimate Strangers’ और मंदरिन फिल्म ‘Kill Mobile’ जैसे नाम शामिल हैं।
भारत में भी बनीं कई रीमेक फिल्में
भारत में भी इस कहानी पर आधारित कई फिल्में बनी हैं। कन्नड़ फिल्म ‘Loudspeaker’ को इसका ऑफिशियल रीमेक माना जाता है, जबकि मलयालम फिल्म ‘12th Man’ और तेलुगु फिल्म ‘Richie Gadi Pelli’ को अनऑफिशियल रूपांतरण बताया जाता है।
बॉलीवुड में इस कहानी को हाल ही में अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘खेल खेल में’ के जरिए पेश किया गया। इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ एमी विर्क, तापसी पन्नू, वाणी कपूर, फरदीन खान, आदित्य सील और प्रज्ञा जायसवाल जैसे कलाकार नजर आए।
क्या है फिल्म की कहानी?
‘परफेटी स्कोनोसियुटी’ की कहानी एक डिनर पार्टी के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां दोस्त यह खेल खेलते हैं कि सभी अपने फोन के मैसेज और कॉल्स को सबके सामने साझा करेंगे। जैसे-जैसे राज खुलते हैं, रिश्तों में तनाव और टकराव बढ़ता जाता है।
IMDb रेटिंग और वैश्विक पहचान
इस इटैलियन फिल्म को IMDb पर 7.7 रेटिंग मिली है। वहीं इसके कई रीमेक अलग-अलग देशों में सफल रहे हैं। गिनीज रिकॉर्ड के अनुसार, यह दुनिया की सबसे ज्यादा रीमेक की गई फिल्मों में से एक है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस कहानी के अंग्रेजी वर्जन के अधिकार 2017 में वेनस्टीन कंपनी ने खरीदे थे, लेकिन वित्तीय संकट और कानूनी विवादों के चलते इसका हॉलीवुड रीमेक अब तक नहीं बन पाया।
‘परफेटी स्कोनोसियुटी’ आज भी एक ऐसी कहानी बनी हुई है, जिसने अलग-अलग देशों में दर्शकों को प्रभावित किया और रीमेक की दुनिया में एक अलग ही पहचान कायम की।


