दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। पुलिस से अनुमति मिलने के बाद संगठन से जुड़े लोग बड़ी संख्या में धरना स्थल पर पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने शाम 5 बजे तक प्रदर्शन की अनुमति दी है।
इस प्रदर्शन में सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के भी शामिल होने की संभावना जताई गई है। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक मामलों का विरोध करना है। संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि वह केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आवाज उठाएंगे।
जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके सुबह अमेरिका के बोस्टन से दिल्ली पहुंचे और एयरपोर्ट से ही अपने समर्थकों को जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की। बाद में उन्होंने संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचकर प्रदर्शन की अनुमति मांगी, जिसके बाद पुलिस ने शर्तों के साथ अनुमति प्रदान कर दी।
पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन को लेकर पहले से कोई औपचारिक आवेदन नहीं था, लेकिन बातचीत के बाद अनुमति दी गई। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को भी कड़ा कर दिया गया है।
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में भारी सुरक्षा बल तैनात किया है। नई दिल्ली जिले में करीब 2000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है और पूरे क्षेत्र को 12 जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन की निगरानी डीसीपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं।
पुलिस ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों को सहयोग दिया जाए और किसी भी तरह की टकराव की स्थिति से बचा जाए। साथ ही ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
यह प्रदर्शन परीक्षा सुधार, पारदर्शिता और पेपर लीक मामलों के खिलाफ देशभर में चल रही बहस के बीच हो रहा है, जिस पर राजनीतिक और सामाजिक हलकों की नजर बनी हुई है।


