नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने के लिए निर्माणाधीन DND-फरीदाबाद-सोहना एक्सेस कंट्रोल्ड हाईवे परियोजना पर तेजी से काम जारी है। इसी क्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने परियोजना का निरीक्षण किया।
करीब 59 किलोमीटर लंबे इस हाईवे का निर्माण लगभग 4463 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। यह परियोजना दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोहना को तेज रफ्तार सड़क संपर्क प्रदान करेगी। इसके पूरा होने के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंच और अधिक आसान हो जाएगी।
यह हाईवे भारतमाला परियोजना के तहत विकसित किया जा रहा है और इसे 6-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड कॉरिडोर के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसमें आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे यातायात सुरक्षित और निर्बाध बनाया जा सके।
परियोजना की सबसे खास बात 140 मीटर लंबा नेटवर्क आर्च ब्रिज है, जिसे आधुनिक स्टील संरचना और टाइड-आर्च तकनीक के साथ तैयार किया जा रहा है। इसके अलावा प्रीकास्ट सेगमेंटल कंस्ट्रक्शन, हाई-स्ट्रेंथ स्टील और आधुनिक जॉइंट तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है।
पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ओखला और गाजीपुर लैंडफिल से निकली लगभग 2 लाख मीट्रिक टन निष्क्रिय सामग्री का उपयोग सड़क निर्माण में किया गया है। साथ ही नॉइज बैरियर, लैंडस्केपिंग और वृक्षारोपण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस कॉरिडोर का एक प्रमुख उद्देश्य जेवर एयरपोर्ट तक सीधी और तेज कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है। इसके तहत फरीदाबाद के चंदावली गांव से गौतम बुद्ध नगर के दयानापुर तक नया लिंक रोड विकसित किया जा रहा है, जिसे प्रमुख एक्सप्रेसवे नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
परियोजना में चार बड़े इंटरचेंज, एक एलिवेटेड कॉरिडोर और आठ लेन का रेलवे ओवर ब्रिज भी शामिल है, जिससे दिल्ली-एनसीआर में यात्रा समय में भारी कमी आने की उम्मीद है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस परियोजना को दिल्ली-एनसीआर के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कॉरिडोर क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


