उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनावनी इलाके में गुरुवार दोपहर एक पन्नी के गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग पास की झुग्गियों तक फैल गई, जिससे कई झोपड़ियां जलकर क्षतिग्रस्त हो गईं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया है, हालांकि क्षेत्र में अभी भी धुआं देखा जा रहा है।
गाजियाबाद डीएम रविंद्र कुमार मादंड ने बताया कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और अब पूरी तरह से स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने या फंसने की सूचना नहीं है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, आग सबसे पहले पन्नी के गोदाम में लगी थी, जिसके बाद यह पास की झुग्गियों तक फैल गई। लगभग आधा दर्जन दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य किया।
इसी बीच लखनऊ से एक अन्य घटना में विकास नगर क्षेत्र की झुग्गी बस्ती में आग लगने से दो बच्चों की मौत की भी जानकारी सामने आई है, जिससे प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जा रही है।

