पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले सुप्रीम कोर्ट की बड़ी टिप्पणी, ममता बनर्जी को फटकार

Bole India
2 Min Read

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से ठीक एक दिन पहले सियासी और कानूनी हलचल तेज हो गई है। इस बीच सुप्रीम कोर्ट ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कड़ी फटकार लगाई है।

सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जांच प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर रही हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर खतरा उत्पन्न हो सकता है। कोर्ट ने कहा, “यह मामला केंद्र और राज्य के विवाद का नहीं है, बल्कि एक व्यक्ति के रूप में मुख्यमंत्री द्वारा जांच में दखल देने का है।”

कोर्ट ने आगे कहा कि यह कल्पना से परे है कि कोई मुख्यमंत्री जांच प्रक्रिया में इस तरह हस्तक्षेप करे। अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि ऐसे कदम पूरे सिस्टम की निष्पक्षता को प्रभावित कर सकते हैं।

इसी बीच, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तृणमूल कांग्रेस के दो उम्मीदवारों सुजीत बोस और रथिन घोष को 24 अप्रैल को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। दोनों नेताओं को यह चौथा समन भेजा गया है। सुजीत बोस बिधाननगर और रथिन घोष मध्यमग्राम विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 152 सीटों पर और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को 142 सीटों पर होगा। चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

Share This Article
Leave a Comment