झारखंड के चक्रधरपुर रेल मंडल में हावड़ा–बड़बिल जनशताब्दी एक्सप्रेस में एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यात्रा के दौरान एक महिला पर अपने डेढ़ माह के बच्चे को चलती ट्रेन से बाहर फेंकने का गंभीर आरोप लगा है। यह घटना राजखरसावां और महालीमरूप स्टेशन के बीच हुई, जहां बाद में रेल ट्रैक किनारे नवजात का शव बरामद किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन के सामान्य डिब्बे में सफर कर रही महिला अचानक असामान्य व्यवहार करने लगी और उसने गोद में मौजूद बच्चे को खिड़की से बाहर फेंक दिया। घटना के बाद डिब्बे में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे कर्मचारियों को दी।
यात्रियों ने यह भी बताया कि घटना के बाद महिला ने अपने करीब तीन वर्षीय दूसरे बच्चे को भी ट्रेन से बाहर फेंकने की कोशिश की, लेकिन अन्य यात्रियों ने समय रहते हस्तक्षेप कर उसे बचा लिया। इसके बाद यात्रियों ने महिला और उसके साथ मौजूद व्यक्ति को पकड़ लिया और अगले स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला की पहचान पश्चिम सिंहभूम जिले के मझगांव निवासी के रूप में हुई है, जबकि उसके पति ने अपना परिचय पश्चिम बंगाल निवासी के रूप में दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों कुछ वर्षों पहले घर से भागकर साथ रह रहे थे।
फिलहाल रेलवे सुरक्षा बल और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला ने इस तरह की गंभीर घटना को क्यों अंजाम दिया। प्रारंभिक जांच में मानसिक स्थिति और पारिवारिक परिस्थितियों सहित कई पहलुओं पर भी जांच की जा रही है।


