दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ISI मॉड्यूल का खुलासा और हथियार बरामद

shikha verma
2 Min Read

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े शहजाद भट्टी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 9 आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एक बड़े सुरक्षा अभियान के तहत की गई, जिसमें कई राज्यों में छापेमारी भी हुई।

जांच के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि इस मॉड्यूल का उद्देश्य भारत में संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाना था। इसमें एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित एक प्रसिद्ध ढाबा और हरियाणा के हिसार स्थित एक सैन्य कैंप शामिल था।

आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मंदिर की पहले रेकी की गई थी और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों व सुरक्षा बलों पर हमले की योजना थी। इसकी तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान में बैठे सोशल मीडिया हैंडलर्स को भी भेजे गए थे।

इसी तरह दिल्ली-सोनीपत हाईवे पर स्थित ढाबे को भी निशाना बनाने की योजना थी, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। वहां हैंड ग्रेनेड से हमला करने की साजिश रची गई थी। वहीं हिसार सैन्य कैंप की रेकी कर उसकी जानकारी भी पाकिस्तान भेजी गई थी।

जांच में यह भी सामने आया कि उत्तर प्रदेश के कुछ पुलिस थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाने की योजना इस मॉड्यूल का हिस्सा थी।

Share This Article
Leave a Comment