केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक का सभी सम्मान करते हैं, लेकिन कुछ राजनीतिक दल उन्हें अपने हितों के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं, जो सही नहीं है।
चिराग पासवान ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि अगर किसी मुद्दे पर कोई कमी या समस्या सामने आती है तो उस पर सुझाव दिए जा सकते हैं और सरकार समाधान के लिए बातचीत कर सकती है।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था और परीक्षाओं में पारदर्शिता का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार इस दिशा में लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने नीट परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं के बाद व्यवस्था में सुधार किए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसी समस्याएं दोबारा न हों।
‘सोनम वांगचुक को चेहरा बनाकर राजनीति करना गलत’
चिराग पासवान ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में सोनम वांगचुक के नाम का इस्तेमाल कर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति या मुद्दे को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी भी मुद्दे का समाधान बातचीत और चर्चा के जरिए ही निकाला जा सकता है।
बांकीपुर उपचुनाव को लेकर आरजेडी पर निशाना
चिराग पासवान ने बिहार के बांकीपुर उपचुनाव को लेकर भी विपक्ष पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास अपनी मौजूदगी दर्ज कराने का मौका है, लेकिन आरजेडी नेतृत्व सक्रिय नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी होती है कि वह जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहें।


