केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने देश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति निश्चित रूप से चिंताजनक है, हालांकि सरकार हालात को नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
हाजीपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे तनाव और वैश्विक परिस्थितियों का असर कई देशों पर पड़ रहा है, जिसमें भारत भी शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार सीमित दायरे में रहकर ही ईंधन की कीमतों में बदलाव कर रही है ताकि आम जनता पर अधिक बोझ न पड़े।
उन्होंने कहा कि भारत के पास फिलहाल पर्याप्त ईंधन भंडार मौजूद है, लेकिन वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सरकार सतर्कता के साथ फैसले ले रही है।
इसी दौरान उन्होंने बिहार के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी की भी तारीफ की और कहा कि उन्होंने राज्य का नाम रोशन किया है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
NDA गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि सभी सहयोगी दल समय-समय पर आपस में बातचीत करते हैं और किसी भी तरह की गलतफहमी बातचीत से सुलझाई जा सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में समाधान संवाद से ही निकलता है और किसी भी मुद्दे पर चर्चा कर रास्ता निकालना सबसे बेहतर तरीका है।
इसके अलावा हाजीपुर में बिजली कटौती को लेकर उन्होंने चिंता जताई और कहा कि वे इस मामले में प्रशासन और संबंधित विभाग से लगातार संपर्क में हैं, ताकि जल्द से जल्द लोगों को राहत मिल सके।


