दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल आज एक बार फिर दिल्ली हाई कोर्ट में पेश होंगे। वह दोपहर 2:30 बजे अदालत में अपना पक्ष रखेंगे।
क्या है मामला?
दिल्ली शराब नीति मामले से जुड़ी सुनवाई के दौरान केजरीवाल का एक नया हलफनामा (शपथ पत्र) अदालत में पेश किया गया था, लेकिन उसे अभी तक रिकॉर्ड पर नहीं लिया गया है। इसी को रिकॉर्ड में शामिल कराने के लिए वह अदालत में अपनी दलील रखेंगे।
पहले भी रख चुके हैं पक्ष
इससे पहले सोमवार को भी केजरीवाल ने हाई कोर्ट में अपनी दलीलें पेश की थीं। उस दौरान उन्होंने न्यायाधीश से मामले की सुनवाई से अलग होने की अपील की थी। इस पर अदालत में लंबी बहस हुई, जो शाम तक चली। बाद में अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।
अदालत की टिप्पणी और कार्यवाही
सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने केजरीवाल की दलीलों को प्रभावी बताया था। वहीं, अदालत ने बिना अनुमति सुनवाई की रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर साझा किए जाने पर आपत्ति जताई और ऐसे वीडियो हटाने के निर्देश दिए हैं।
हाई कोर्ट प्रशासन ने कहा है कि अदालत की कार्यवाही को बिना अनुमति रिकॉर्ड करना नियमों का उल्लंघन है। दिल्ली पुलिस को ऐसे वीडियो हटाने और संबंधित मामलों में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

