उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को “सबसे असफल मुख्यमंत्री” बताया।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रदेश में “महा विद्युत आपदा” जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि अगले चुनाव में जनता बीजेपी को “धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी।”
उन्होंने बिजली मंत्री ए.के. शर्मा पर भी निशाना साधा और सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों में बिजली मंत्री शामिल होते हैं या नहीं। अखिलेश ने व्यंग्य करते हुए कहा कि अगर दोनों साथ बैठते हैं, तो उनकी एक तस्वीर सार्वजनिक की जाए ताकि जनता को “आपसी गर्मी” से कुछ राहत मिल सके।
बीजेपी सरकार पर लगाए कई आरोप
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली उपकेंद्रों पर पीएसी तैनात करनी पड़ रही है और बीजेपी विधायक-सांसद खुद अपनी सरकार के खिलाफ शिकायतें लिख रहे हैं।
अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा, “भाजपा में अब करंट नहीं रहा।”
गर्मी और कटौती से परेशान जनता
उत्तर प्रदेश in दिनों तेज गर्मी की चपेट में है। लखनऊ, कानपुर, नोएडा, आगरा, मेरठ समेत कई शहरों में लगातार बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे आम लोगों में नाराज़गी बढ़ती दिख रही है।
कई इलाकों में लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किए। बढ़ते जनाक्रोश के बीच कुछ बीजेपी सांसदों और विधायकों ने भी बिजली संकट को लेकर सरकार को पत्र लिखे हैं।
सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
बिजली संकट को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और शिकायतों का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए हैं।
प्रदेश में बढ़ती गर्मी और बिजली संकट के बीच यह मुद्दा अब राजनीतिक बहस का बड़ा विषय बनता जा रहा है।


