छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में 31 मई को होने वाले मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह कार्यक्रम में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। इस कार्यक्रम में विधायक दीपेश साहू खुद भी सात फेरे लेंगे और सादगीपूर्ण तरीके से विवाह करेंगे।
सबसे खास बात यह है कि विधायक अपनी बारात किसी लग्जरी गाड़ी या वीआईपी काफिले में नहीं, बल्कि पारंपरिक बैलगाड़ी से लेकर निकलेंगे। उनका यह कदम दहेज प्रथा और शादी में दिखावे के खिलाफ एक सामाजिक संदेश देने के उद्देश्य से देखा जा रहा है।
इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विधायक के साथ कुल 24 जोड़े भी एक साथ विवाह के बंधन में बंधेंगे। कार्यक्रम की तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा की जा रही हैं और इसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की संभावना है।
विधायक दीपेश साहू का कहना है कि समाज में बदलाव केवल बातों से नहीं, बल्कि उदाहरण पेश करके लाया जा सकता है। इसी सोच के साथ उन्होंने सामूहिक विवाह में सादगीपूर्ण तरीके से शादी करने का निर्णय लिया है।
उनका यह कदम दहेज और विवाह में होने वाले दिखावे के खिलाफ एक सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिसकी पूरे राज्य में चर्चा हो रही है।


