कंकाल लेकर बैंक पहुंचा भाई, हंगामे के बाद खाते के पैसे मिले

shikha verma
2 Min Read

ओडिशा के क्योंझर जिले से सामने आए एक चौंकाने वाले मामले में नया मोड़ आया है। अपनी मृत बहन के कंकाल को कंधे पर उठाकर बैंक पहुंचने वाले शख्स को अब उसकी बहन के खाते में जमा राशि लौटा दी गई है। इसके साथ ही उसे अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई है।

क्या था पूरा मामला?
क्योंझर जिले के पटना इलाके के दियानाली गांव के रहने वाले जीतू मुंडा अपनी बहन के निधन के बाद उसके बैंक खाते से पैसे निकालना चाहते थे। जब वे बैंक पहुंचे तो अधिकारियों ने उनसे डेथ सर्टिफिकेट और अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे।

दस्तावेज न होने पर जीतू मुंडा अपने गांव लौटे और बहन के दफन शव को बाहर निकाल लिया, जो तब तक कंकाल में बदल चुका था। इसके बाद वह कंकाल को कंधे पर लादकर बैंक पहुंचे और खाते में जमा करीब 19 हजार रुपये देने की मांग करने लगे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

मामले ने पकड़ा तूल, मिली राहत
घटना के सुर्खियों में आने के बाद प्रशासन और बैंक ने मामले पर संज्ञान लिया। अब जीतू मुंडा को उनकी बहन के खाते में जमा करीब 19 हजार रुपये लौटा दिए गए हैं। इसके अलावा, मानवीय आधार पर रेड क्रॉस की ओर से उन्हें 20 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता भी दी गई है।

बैंक की सफाई
बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक सत्यव्रत नंदा ने बताया कि जीतू मुंडा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और दस्तावेजों की जानकारी नहीं समझ पा रहे थे। बैंक कर्मचारियों के साथ बहस के बाद वे वहां से चले गए और बाद में कंकाल लेकर लौटे। फिलहाल, प्रशासन के साथ मिलकर मामले की जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment