रायपुर: छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश को पूर्व निर्धारित समय से पहले लागू करने की घोषणा की गई है।
सरकारी आदेश के अनुसार अब राज्य के सभी सरकारी, अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों में 20 अप्रैल से 15 जून तक गर्मी की छुट्टियां रहेंगी। पहले यह अवकाश 1 मई से शुरू होना था।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बढ़ती गर्मी और लू के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसलिए यह निर्णय लिया गया है ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
राज्य सरकार की ओर से जारी बयान में स्पष्ट किया गया है कि यह आदेश छात्रों पर लागू होगा, जबकि शिक्षकों की ड्यूटी पूर्ववत जारी रहेगी। हालांकि स्कूलों में छात्रों की पढ़ाई इस अवधि में बाधित रहेगी।
इधर, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्य छत्तीसगढ़ में हीटवेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। राजनांदगांव में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 16 से 19 अप्रैल तक राज्य के कई हिस्सों में लू का असर बना रह सकता है।

