बद्रीनाथ धाम में भव्य आयोजन, सीएम धामी की मौजूदगी में खुले कपाट

Bole India

चारधाम यात्रा 2026 की शुरुआत के साथ ही उत्तराखंड के चमोली स्थित बद्रीनाथ धाम के कपाट आज श्रद्धालुओं के लिए विधि-विधान के साथ खोल दिए गए। सुबह करीब सवा 6 बजे हजारों भक्तों की मौजूदगी में जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, पूरा वातावरण भगवान बद्रीविशाल के जयकारों से गूंज उठा।

इस पावन अवसर पर बद्रीनाथ मंदिर को लगभग 25 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे धाम की दिव्यता और भी मनमोहक हो गई। पहली बार मंदिर परिसर में फूलों से “ॐ लक्ष्मीपति नमो”, “जय श्री बद्री नारायण” और “बैकुंठाय नमो” जैसे धार्मिक संदेश भी सजाए गए।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी इस अवसर पर मौजूद रहे और उन्होंने पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

बता दें कि बद्रीनाथ धाम के कपाट लगभग 149 दिनों के बाद भक्तों के लिए खोले गए हैं। सर्दियों में अत्यधिक बर्फबारी और कठिन मौसम परिस्थितियों के कारण हर वर्ष अक्टूबर-नवंबर में चारधाम के कपाट बंद कर दिए जाते हैं, जिन्हें अप्रैल-मई में पुनः खोला जाता है।

चारधाम यात्रा की शुरुआत इस वर्ष 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुई थी, जबकि 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खोले गए थे। अब बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ पूरी चारधाम यात्रा 2026 विधिवत रूप से शुरू हो गई है।

यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था के लिए भी महत्वपूर्ण मानी जाती है, जिसमें हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

Share This Article
Leave a Comment