उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में ‘धर्मोत्सव सरोजनीनगर’ अभियान के तहत भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नटकुर मैदान में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। शाम 6 बजे शुरू हुए इस आयोजन में श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए।
धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल
इस अवसर पर सरोजनीनगर से विधायक राजेश्वर सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इसे धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव बताया। उन्होंने कहा कि जहां इतने बड़े स्तर पर श्रद्धालु एकत्र होते हैं, वह स्थान अपने आप तीर्थ के समान हो जाता है।
उन्होंने कन्हैया मित्तल की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि सरोजनीनगर को धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
राम रथ के बाद श्याम रथ की घोषणा
विधायक राजेश्वर सिंह ने बताया कि पिछले चार वर्षों से क्षेत्र में ‘राम रथ’ सेवा चलाई जा रही है, जिसके तहत श्रद्धालुओं को निशुल्क दर्शन कराए जाते हैं। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही ‘श्याम रथ’ सेवा भी शुरू की जाएगी, जो भक्तों को खाटू श्याम और मथुरा के दर्शन कराएगी।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण भक्ति और आस्था से भर गया।

