लखनऊ अग्निकांड: कानपुर के दो दोस्तों की जिंदा जलकर मौत, परिवारों में मातम

shikha verma
2 Min Read

लखनऊ में एक कोचिंग/एनीमेशन सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड में कानपुर के दो युवकों—28 वर्षीय संयम विज और 25 वर्षीय सूरजभान सिंह—की जलकर मौत हो गई। दोनों लंबे समय से एक ही स्टूडियो में कार्यरत थे और अच्छे दोस्त थे।

हादसे की खबर जैसे ही उनके परिवारों तक पहुंची, घरों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है।

संयम विज कानपुर के गोविंद नगर क्षेत्र के निवासी थे। परिवार के अनुसार, हाल ही में उनकी दादी का निधन हुआ था और घर में तेरहवीं संस्कार की तैयारी चल रही थी, जिसमें शामिल होने के लिए वह आने वाले थे। लेकिन उससे पहले ही उनकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

संयम के पिता का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके बाद वह परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनका बड़ा भाई गुरुग्राम में नौकरी करता है।

दूसरे मृतक सूरजभान सिंह बर्रा क्षेत्र के निवासी थे। उनके पिता का भी पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में अब उनकी मां और छोटा भाई हैं। परिजनों ने बताया कि अभी तक सूरजभान की मां को बेटे की मौत की जानकारी नहीं दी गई है, क्योंकि परिवार को उनकी सेहत बिगड़ने का डर है।

परिजनों के अनुसार, हादसे के समय दोनों युवक इमारत के अंदर मौजूद थे, जहां अचानक आग तेजी से फैल गई। लोगों का आरोप है कि सेंसर आधारित गेट और निकास व्यवस्था फेल हो गई, जिससे लोग बाहर नहीं निकल सके।

स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि अगर निकास व्यवस्था सही होती तो कई जानें बचाई जा सकती थीं।

हादसे के बाद दोनों परिवारों में गहरा शोक है और अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं। मंगलवार को शवों के कानपुर पहुंचने के बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment