नोएडा में श्रमिकों के प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे मजदूरों के उग्र होने पर गाड़ियों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा और पथराव की घटनाएं भी सामने आईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।
घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के श्रम विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक हाई-लेवल कमेटी का गठन किया है। इस समिति का उद्देश्य औद्योगिक विवादों और श्रमिक असंतोष को दूर करना और सभी हितधारकों के बीच संवाद स्थापित करना है।
इस उच्च स्तरीय समिति की अध्यक्षता औद्योगिक विकास आयुक्त करेंगे। इसमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के अपर मुख्य सचिव और श्रम एवं सेवायोजन विभाग के प्रमुख सचिव सदस्य होंगे। इसके अलावा समिति में श्रमिक संगठनों के पांच प्रतिनिधि और उद्योग संघ के तीन प्रतिनिधि भी शामिल किए गए हैं।
सरकार का मानना है कि इस पहल से औद्योगिक माहौल को बेहतर बनाने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।

