हमीरपुर जनपद में उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन चार परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गया है। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी केंद्रों पर चाकचौबंद इंतजाम किए हैं। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है और केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई है।
जिले में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हमीरपुर, पीजी कॉलेज कुछेछा, श्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज हमीरपुर और राजाराम इंटर कॉलेज झलोखर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन चारों केंद्रों पर कुल 3360 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।
परीक्षा के पहले दिन 1680 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की व्यवस्था की गई है। वहीं शेष 1680 अभ्यर्थी 15 मार्च को इन्हीं केंद्रों पर परीक्षा देंगे।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निष्पक्ष व पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।
