उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी राजनीतिक रणनीति तेज कर दी है। पार्टी इस बार 5 अगस्त को जनेश्वर मिश्र की जयंती को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी कर रही है। इसे सपा की सामाजिक समीकरण साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
जनेश्वर मिश्र, जिन्हें ‘छोटे लोहिया’ के नाम से जाना जाता है, समाजवादी आंदोलन के प्रमुख नेताओं में से एक रहे हैं। सपा उनकी जयंती को लखनऊ सहित प्रदेश के कई जिलों में बड़े आयोजन के रूप में मनाने की योजना बना रही है।
सूत्रों के अनुसार, इस कार्यक्रम के जरिए खासतौर पर ब्राह्मण समाज को जोड़ने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। इसके लिए पार्टी ने अपने सांसदों और वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। बलिया के सांसद सनातन पांडे इस अभियान में प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं, जबकि चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह भी सक्रिय रूप से जुड़ेंगे।
वाराणसी में शुक्रवार को दोनों नेता मीडिया से बातचीत करेंगे, जिसमें 5 अगस्त के कार्यक्रम की रूपरेखा और सामाजिक सहभागिता बढ़ाने की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही वाराणसी मंडल में ब्राह्मण समुदाय को इस आयोजन से जोड़ने की योजना पर भी मंथन होगा।
सपा नेताओं का कहना है कि पार्टी बूथ स्तर से लेकर विधानसभा स्तर तक जनसंपर्क अभियान को और मजबूत कर रही है। वाराणसी सहित पूरे पूर्वांचल में संगठन को सक्रिय किया जा रहा है, ताकि आगामी चुनाव में पार्टी की पकड़ और मजबूत हो सके।
फिलहाल, सपा की इस पहल को 2027 चुनाव से पहले एक बड़े राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे राज्य की सियासत में हलचल बढ़ गई है।


