बढ़ती ठंड के चलते जिला प्रशासन ने छात्रों को राहत देते हुए उत्तर प्रदेश के कई जिलों के स्कूलों में फिर अवकाश घोषित किया है। मेरठ जिला प्रशासन ने नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के सभी बोर्डों (सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड सहित) के स्कूलों में 26 दिसंबर तक अवकाश घोषित किया है। 27 दिसंबर को गुरु गोविंद सिंह जयंती के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा पहले ही छुट्टी घोषित की जा चुकी है। इसके अलावा 28 दिसंबर को रविवार है, इस तरह अब स्कूल 29 दिसंबर से फिर खुलेंगे।
मैनपुरी में 30 दिसंबर तक स्कूलों में छुट्टी
मैनपुरी जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने जिले के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों में क्लास 8वीं तक के लिए 24 दिसम्बर से 30 दिसम्बर तक छुट्टी घोषित की है। इस दौरान अध्यापक और कार्यालय कर्मचारी सुबह 10 बजे से 3 बजे तक स्कूल में उपस्थित रह कर आवश्यक कार्य पूरा करेंगे। इस संबंध में डीएम के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपिका गुप्ता ने आदेश जारी किया है।
गोंडा में कक्षा 8वीं तक स्कूल 26 दिसंबर तक बंद
गोंडा जिला प्रशासन ने कक्षा 1 से 8वीं तक के सभी विद्यालयों को 26 दिसंबर 2025 तक बंद रखने का फैसला किया है। यह छुट्टी सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के विद्यालयों पर लागू रहेगी।
शाहजहांपुर, संतकबीरनगर व लखनऊ में भी स्कूल बंद
- जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के आदेश पर समस्त बोर्ड के विद्यालयों में प्री-प्राइमरी व नर्सरी तक के स्कूल 26 दिसंबर 2025 तक बंद रहेंगे।
- लखनऊ जिलाधिकारी विशाख जी. ने सभी बोर्ड के विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से नर्सरी तक की कक्षाओं में 27 दिसंबर तक अवकाश घोषित किया है। कक्षा एक से आठवीं तक की कक्षाओं के समय में परिवर्तन किया गया है।अब विद्यालयों का संचालन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। यह व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी।
- संतकबीरनगर डीएम आलोक कुमार ने जिले के कक्षा एक से पांच तक के विद्यालयों में 26 दिसंबर तक शैक्षिक कार्य स्थगित कर दिया है। लेकिन, शिक्षक विद्यालय में उपस्थित रह कर विभागीय कार्यों का संपादन करेंगे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए गए है।
चंदौली में 26 दिसंबर तक स्कूल बंद
चंदौली जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के आदेशानुसार बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत संचालित समस्त परिषदीय विद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों तथा सभी बोर्ड के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में प्री-प्राइमरी/नर्सरी से कक्षा 8वीं तक की कक्षाओं का पठन-पाठन 26 दिसंबर 2025 तक स्थगित रहेगा। हालांकि समस्त कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं अन्य कर्मचारी प्रातः 10:00 बजे से अपरान्ह 03:00 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहेंगे । प्रतापगढ़ में कक्षा 8वीं तक के स्कूल 26 दिसंबर तक बंद रहेंगे। यह अवकाश सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के विद्यालयों के लिए लागू रहेगा।
