चिनहट के गेस्ट हाउस में युवक-युवती ने की आत्महत्या
मैरिज सर्टिफिकेट और सुसाइड नोट बरामद, 18 दिन से ठहरे थे दोनों गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में
पायनियर समाचार सेवा
लखनऊ। चिनहट थाना क्षेत्र के धावा गांव स्थित रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में गुरुवार को युवक-युवती के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों ने पंखे के हुक के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। सूचना पर पहुंची चिनहट पुलिस ने दोनों शवों को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को कमरे से मैरिज सर्टिफिकेट, सुसाइड नोट, मोबाइल फोन और अन्य सामान मिला है।
मृतकों की पहचान अमित कुमार (22) निवासी करनपुर थाना अरवल जनपद हरदोई और नरगिस (19) पलिया थाना हरपालपुर हरदोई के रूप में हुई है
पुलिस के मुताबिक दोनों गत 23 अगस्त से गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में ठहरे हुए थे। बुधवार को दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले। देर रात कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर दोनों के फंदे से लटकने की जानकारी हुई, जिसके बाद गेस्ट हाउस संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस को मिले दस्तावेजों से दोनों के आर्य समाज मंदिर में विवाह करने की जानकारी सामने आई है।
सुसाइड नोट में दोनों ने अपनी मर्जी से आत्महत्या करने और किसी के दबाव में नहीं होने की बात लिखी है
साथ ही परिवार वालों को परेशान न करने का उल्लेख किया गया है। पुलिस सुसाइड नोट और बरामद मोबाइल फोन समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि अमित और नरगिस के बीच लंबे समय से संबंध थे। दोनों गत 21 अगस्त को हरदोई से घर से निकले थे और इसके बाद लखनऊ पहुंचे। दोनों ने यहां विवाह किया और चिनहट के गेस्ट हाउस में ठहर गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि करीब 18 दिन तक साथ रहने के बाद दोनों ने यह कदम क्यों उठाया
जानकारी के मुताबिक अमित बारहवीं तक पढ़ा था और नरगिस के घर के सामने स्थित एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में दोनों ने घर से निकलकर विवाह कर लिया था। डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि चिनहट क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस में युवक-युवती के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से मैरिज सर्टिफिकेट और सुसाइड नोट समेत अन्य सामान मिला है।
मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है
नरगिस के पिता उस्मान निवासी ग्राम पलिया, हरपालपुर, हरदोई ने गत 21 अगस्त को बेटी के घर से जाने के संबंध में हरपालपुर थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि अरवल थाना क्षेत्र के करनपुर निवासी अमित कुमार उनकी बेटी को अपने साथ ले गया। इस आधार पर हरपालपुर पुलिस ने अमित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
अब लखनऊ में दोनों के शव मिलने के बाद हरदोई पुलिस की कार्रवाई और मामले की जांच भी सवालों के घेरे में है,कि आखिरकार जब दोनों 21 अगस्त से गायब थे और अपहरण का मुकदमा दर्ज था तब फिर हरपालपुर पुलिस ने इतनी लापरवाही क्यों दिखाई इन लोगों को ढूंढने का प्रयास क्यों नहीं किया, अगर दोनों के ढूंढने का प्रयास किया तो पुलिस को 18 दिनों तक पता ही नहीं चला कि दोनों कहां है इस बात से पुलिस के कर प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं
स्रोत: www.thehindipioneer.com


