यूपी में डिजिटल शिक्षा को नई रफ्तार, पीएम ई-विद्या से छात्रों को एक मंच पर मिलेंगे शैक्षिक संसाधन

shikha verma
4 Min Read

उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने और डिजिटल लर्निंग को अधिक सुलभ बनाने की दिशा में योगी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि डिजिटल संसाधन विद्यार्थियों के लिए केवल अतिरिक्त सुविधा न रहकर सीखने और समझने का सहज, प्रभावी एवं सुलभ माध्यम बनें। इसी क्रम में पीएम ई-विद्या डिजिटल प्लेटफॉर्म विद्यार्थियों और शिक्षकों को पढ़ाई से जुड़े विभिन्न आवश्यक संसाधन एक ही मंच पर निःशुल्क उपलब्ध करा रहा है।

एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक डॉ. पवन सचान के मुताबिक, पीएम ई-विद्या के माध्यम से डिजिटल लर्निंग को अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने और उपलब्ध शैक्षिक संसाधनों के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। एक ही मंच पर डिजिटल सामग्री की उपलब्धता से विद्यार्थियों को अलग-अलग माध्यमों पर निर्भरता कम होगी और उन्हें अपनी सुविधा के अनुसार अध्ययन सामग्री तक आसानी से पहुंच मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि पीएम ई-विद्या ऐप को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से भी जागरूकता बढ़ाई जा रही है, ताकि विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक इसके उपयोग से परिचित हो सकें।

डिजिटल शिक्षा को अधिक समावेशी बनाने की पहल

योगी सरकार की डिजिटल शिक्षा नीति में तकनीक को शिक्षा का विकल्प बनाने के बजाय शिक्षण प्रक्रिया के प्रभावी सहयोगी के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। पीएम ई-विद्या इसी उद्देश्य को व्यापक डिजिटल पहुंच में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

एक ही प्लेटफॉर्म पर विभिन्न शैक्षिक संसाधन उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री खोजने के लिए अलग-अलग डिजिटल माध्यमों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे सीखने की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक हो सकती है।

निःशुल्क उपलब्ध हैं डिजिटल संसाधन

पीएम ई-विद्या की प्रमुख विशेषताओं में डिजिटल शैक्षिक संसाधनों की निःशुल्क उपलब्धता शामिल है। विद्यार्थी अपनी सुविधा और आवश्यकता के अनुसार डिजिटल माध्यम का इस्तेमाल कर अध्ययन कर सकते हैं। वहीं शिक्षक भी उपलब्ध सामग्री को कक्षा शिक्षण में सहयोगी संसाधन के रूप में उपयोग कर सकते हैं।

इस पहल का उद्देश्य डिजिटल शिक्षा की पहुंच को व्यापक बनाना और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सामग्री तक आसान पहुंच उपलब्ध कराना है।

एंड्रॉयड और आईओएस दोनों पर उपलब्ध ऐप

पीएम ई-विद्या ऐप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। एंड्रॉयड उपयोगकर्ता इसे गूगल प्ले स्टोर और आईओएस उपयोगकर्ता एप्पल ऐप स्टोर के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं। इससे स्मार्टफोन और अन्य डिजिटल उपकरणों का इस्तेमाल करने वाले विद्यार्थी और शिक्षक इस डिजिटल मंच से जुड़ सकते हैं।

‘तकनीक का लाभ अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचे’

बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा कि योगी सरकार प्रदेश के बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल संसाधनों के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।

उन्होंने कहा, “पीएम ई-विद्या जैसे प्लेटफॉर्म विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर पढ़ाई से जुड़े आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर सीखने की प्रक्रिया को अधिक सहज और प्रभावी बनाते हैं। हमारा प्रयास है कि तकनीक का लाभ प्रदेश के अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचे और डिजिटल शिक्षा उनके सीखने का मजबूत माध्यम बने।”

स्कूलों में डिजिटल संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर जोर

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने कहा कि डिजिटल संसाधनों की आसान और निःशुल्क उपलब्धता विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए सीखने-सिखाने के नए अवसर पैदा करती है।

उन्होंने कहा, “पीएम ई-विद्या के माध्यम से एक ही मंच पर शैक्षिक संसाधनों की उपलब्धता से डिजिटल लर्निंग को अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। एससीईआरटी और विभागीय स्तर पर हमारा प्रयास है कि इन संसाधनों का विद्यालयी शिक्षण में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए।”

Share This Article
Leave a Comment