गाजियाबाद। शहर में आगामी दिनों में होने वाले दुर्गा पूजा, काली पूजा, सरस्वती पूजा और गणेश चतुर्थी के धार्मिक आयोजनों को लेकर गाजियाबाद नगर निगम ने आयोजकों को ब…
गाजियाबाद। शहर में आगामी दिनों में होने वाले दुर्गा पूजा, काली पूजा, सरस्वती पूजा और गणेश चतुर्थी के धार्मिक आयोजनों को लेकर गाजियाबाद नगर निगम ने आयोजकों को बड़ी राहत दी है। महापौर सुनीता दयाल ने धार्मिक आयोजनों के लिए नगर निगम के उद्यान विभाग के अंतर्गत आने वाले पार्कों की बुकिंग में 80 प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया है। यह छूट वित्तीय वर्ष 2026-27 में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए निर्धारित नियमों और शर्तों के तहत लागू होगी
नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न पार्कों और अन्य निर्धारित स्थलों पर प्रत्येक वर्ष दुर्गा, काली, सरस्वती पूजा और गणेश चतुर्थी के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। धार्मिक आयोजनों को देखते हुए आयोजन समितियों की ओर से लंबे समय से पार्कों की बुकिंग फीस में छूट देने की मांग की जा रही थी। आयोजकों का कहना था कि शुल्क अधिक होने के कारण धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन में आर्थिक परेशानी सामने आती है
मामले को लेकर महापौर सुनीता दयाल ने नगर निगम अधिकारियों के साथ वार्ता कर आयोजकों की मांग पर विचार-विमर्श किया। इसके बाद महापौर की ओर से पत्र जारी कर पूर्व निर्धारित स्थानों पर पार्क आरक्षित करने के लिए सदन की बैठक द्वारा तय बुकिंग दरों में 80 प्रतिशत की छूट देने के निर्देश दिए गए
धार्मिक आयोजनों में नगर निगम देगा सहयोग
महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि शहर में विभिन्न स्थानों पर धार्मिक आस्था से जुड़े इन आयोजनों का आयोजन किया जाता है। नगर निगम की ओर से इन स्थलों के लिए शुल्क निर्धारित है और आयोजन समितियों को उसकी रसीद भी दी जाती है। उन्होंने कहा कि समितियों की ओर से लगातार बुकिंग शुल्क में राहत की मांग की जा रही थी
महापौर ने बताया कि नगर आयुक्त के साथ हुई वार्ता के बाद आयोजकों को 80 प्रतिशत छूट देने का निर्णय लिया गया है। इसका उद्देश्य धार्मिक आयोजनों से जुड़ी समितियों को नगर निगम का सहयोग उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना अनावश्यक आर्थिक दबाव के अपने कार्यक्रमों का आयोजन धूमधाम से कर सकें
नगर निगम प्रशासन के इस फैसले से दुर्गा पूजा, काली पूजा, सरस्वती पूजा और गणेश चतुर्थी के आयोजकों को बड़ी आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। महापौर ने कहा कि नगर निगम धार्मिक आयोजनों को निर्धारित नियमों के अनुसार सुगम और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करेगा
स्रोत: www.thehindipioneer.com


