भाजपा का सपा पर बड़ा हमला, भूपेंद्र चौधरी बोले- ‘सैफई से तय होती थी नौकरियों की सूची’

shikha verma
4 Min Read

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद भाजपा नेताओं ने सपा और उसके नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने सपा पर युवाओं और रोजगार के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान पेपर लीक, परीक्षाओं में अनियमितताओं और नौकरियों में कथित भ्रष्टाचार की शिकायतें सामने आती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरियों की सूची सैफई से तय होती थी और इसका लाभ परिवार तथा एक विशेष बिरादरी तक सीमित रहता था।

‘सैफई से तय होती थी नौकरी की सूची’

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान युवाओं के हितों की अनदेखी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय लगातार पेपर लीक होते थे और परीक्षाएं ठेके पर कराई जाती थीं।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार में निकलने वाली नौकरियों में पारदर्शिता नहीं थी और नियुक्तियों को लेकर पक्षपात किया जाता था। भूपेंद्र चौधरी के मुताबिक, “जो भी नौकरी निकलती थी, उसकी सूची सैफई से आती थी और उसका लाभ एक परिवार व एक बिरादरी तक सीमित रहता था।”

‘चुनाव हारने पर ईवीएम को देते हैं दोष’

भूपेंद्र चौधरी ने ईवीएम के मुद्दे को लेकर भी सपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी चुनाव जीतने पर ईवीएम पर सवाल नहीं उठाती, लेकिन हार के बाद ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने कहा कि सपा को चुनावी परिणामों को स्वीकार करना चाहिए और संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठाने से बचना चाहिए।

‘परिवार और जाति तक सीमित है सपा का एजेंडा’

अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की राजनीति लंबे समय से जातीय समीकरणों के इर्द-गिर्द घूमती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की बात विपक्ष में रहते हुए करती है, लेकिन सत्ता में आने के बाद उसका एजेंडा परिवार और जाति तक सीमित हो जाता है।

AI वीडियो के मुद्दे पर भी उन्होंने सपा को घेरा। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर को AI के माध्यम से बदलकर पेश करना प्रदेश की जनता के जनादेश का अपमान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री चुना है और इस तरह के वीडियो जनता के फैसले का अनादर हैं।

‘2027 में सरकार बनाने का सपना मुंगेरीलाल जैसा’

भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके नेता को 2027 में सरकार बनती दिखाई दे रही है, जबकि यह महज एक कल्पना है। उन्होंने अखिलेश यादव के ‘Gen-Z’ वाले बयान पर भी पलटवार किया।

दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले सपा सरकार के दौरान प्रदेश में अपराध और माफिया का प्रभाव बढ़ा हुआ था। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव के कार्यकाल में कई भर्तियां हुईं, लेकिन युवाओं को समय पर नियुक्तियां नहीं मिल सकीं।

उन्होंने सपा पर युवाओं को लेकर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज जिस ‘Gen-Z’ की बात की जा रही है, वह युवा भाजपा के साथ खड़ा है।

Share This Article
Leave a Comment