नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने सीमावर्ती जिलों में सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में बाढ़ से हुई भारी क्षति को बेहद चिंताजनक बताते हुए महाराजगंज और कुशीनगर प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।
गंडक और नारायणी नदी के जलस्तर पर नजर
नेपाल में आई बाढ़ के असर से उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में भी स्थिति प्रभावित होने की आशंका है। खासतौर पर गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी को लेकर प्रशासन को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा है कि संभावित स्थिति को देखते हुए सभी जरूरी तैयारियां पहले से सुनिश्चित की जाएं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे।
नेपाल में हुए नुकसान पर सीएम योगी ने जताई चिंता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने प्रभावित लोगों की सुरक्षा की कामना करते हुए भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल रहने की प्रार्थना की।
नेपाल में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए यूपी सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रशासन को किसी भी तरह की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है।


