उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर में गुरुवार देर रात अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। शिवालिक पहाड़ियों में हुई तेज बारिश के बाद मंदिर परिसर के पास बहने वाले खोल में अचानक तेज पानी का बहाव आ गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई श्रद्धालु मंदिर परिसर और आसपास आराम कर रहे थे। तभी अचानक तेज पानी और उसके शोर ने लोगों को दहशत में डाल दिया। देखते ही देखते पानी का सैलाब मंदिर क्षेत्र में घुस आया और श्रद्धालु अपनी जान बचाने के लिए बच्चों और महिलाओं को लेकर ऊंचे स्थानों की ओर भागने लगे।
इस हादसे में दो महिला श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों महिलाएं तेज बहाव की चपेट में आ गई थीं। घटना के बाद मंदिर परिसर में मातम का माहौल बन गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बाढ़ के तेज बहाव में कई वाहन बह गए, जिनमें ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, कारें, बाइक और निर्माण कार्य में लगी मशीनें शामिल हैं। मंदिर परिसर के आसपास लगी प्रसाद और अन्य दुकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। सुबह होते ही तबाही की भयावह तस्वीरें सामने आईं। कई वाहन मलबे और कीचड़ में दबे मिले, जबकि स्थानीय लोग और श्रद्धालु घंटों मशक्कत कर उन्हें बाहर निकालते दिखाई दिए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और हालात को नियंत्रण में लेने की कोशिश की। प्रशासन इलाके में हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।


