नेपाल में फंसे यूपी के लोगों के लिए हेल्पलाइन 1070 जारी, योगी सरकार अलर्ट

shikha verma
2 Min Read

नेपाल में भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा के चलते कई इलाकों में हालात बिगड़ गए हैं। रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने नेपाल में फंसे प्रदेश के नागरिकों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070 जारी किया है। सरकार ने सीमावर्ती जिलों में भी सतर्कता बढ़ा दी है।

उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक, अगर कोई यूपी का नागरिक नेपाल में फंसा हुआ है या उसे किसी तरह की सहायता की जरूरत है, तो उसके परिजन तत्काल 1070 पर संपर्क कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य नेपाल में फंसे नागरिकों तक जल्द से जल्द मदद पहुंचाना और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना है।

दूतावासों से भी संपर्क में यूपी सरकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राहत आयुक्त कार्यालय ने भारतीय और नेपाल दूतावासों से संपर्क किया है। दोनों दूतावासों से कहा गया है कि नेपाल में फंसे उत्तर प्रदेश के नागरिकों से जुड़ी कोई भी जानकारी मिलने पर उसे तत्काल यूपी के राहत आयुक्त कार्यालय के साथ साझा किया जाए।

सरकार ने लोगों से अपील की है कि अगर उनका कोई परिजन नेपाल में फंसा है, तो उसकी जानकारी बिना देरी किए 1070 हेल्पलाइन पर उपलब्ध कराएं, ताकि संबंधित व्यक्ति तक आवश्यक सहायता पहुंचाई जा सके।

महाराजगंज और कुशीनगर में बढ़ी निगरानी

नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों महाराजगंज और कुशीनगर में प्रशासन को अलर्ट किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में हुई क्षति को चिंताजनक बताया है और दोनों जिलों के अधिकारियों को जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को गंडक और नारायणी नदियों के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के लिए कहा गया है।

राज्य सरकार नेपाल में उत्पन्न स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त कदम उठाने की तैयारी में है।

Share This Article
Leave a Comment