दिल्ली में मुफ्त बस यात्रा का लाभ ले रही महिलाओं के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड को लेकर नया नियम लागू किया गया है। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) के अनुसार अब कार्ड जारी करने वाले सभी केंद्र हर सोमवार को बंद रहेंगे। यह व्यवस्था 15 जून 2026 से लागू हो गई है।
DTC ने यह बदलाव कर्मचारियों के साप्ताहिक अवकाश और सेवा गुणवत्ता को ध्यान में रखते हुए किया है। इसके बाद अब महिलाएं केवल मंगलवार से शनिवार तक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच कार्ड बनवा सकेंगी।
पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड केवल मुफ्त बस यात्रा का पास ही नहीं, बल्कि एक डिजिटल पहचान पत्र के रूप में भी काम करेगा। आधार से लिंक इस कार्ड में क्यूआर कोड होगा, जिसे बसों में इलेक्ट्रॉनिक मशीन से स्कैन कर यात्रा का रिकॉर्ड दर्ज किया जाएगा।
यह योजना दिल्ली की स्थायी महिला निवासियों के लिए है। कार्ड बनवाने के लिए आधार कार्ड, दिल्ली का निवास प्रमाण (जैसे वोटर आईडी, राशन कार्ड या बिजली बिल) और पासपोर्ट साइज फोटो जरूरी हैं।
अधिकारियों ने अपील की है कि महिलाएं सोमवार को केंद्र पर न आएं और पहले से नया शेड्यूल देखकर ही आवेदन करें, ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके।


