योगी सरकार का बुलडोजर एक्शन, सीतापुर में सपा दफ्तर गिराया गया

shikha verma
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के सीतापुर में नजूल भूमि पर कथित रूप से अवैध रूप से बने समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यालय को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई के तहत ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच की गई।

प्रशासन की टीम सोमवार सुबह भारी पुलिस बल और कई बुलडोजरों के साथ मौके पर पहुंची और कुछ ही घंटों में कार्यालय को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम और नगर पालिका के अधिकारी मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, यह कार्यालय सीतापुर के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित टाउन हॉल परिसर में नजूल जमीन पर बनाया गया था। जिला प्रशासन ने पहले ही नोटिस जारी कर इसे खाली करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद सपा ने कार्यालय खाली कर दिया था और अस्थायी व्यवस्था कर ली थी।

बताया जा रहा है कि यह जमीन 2005 में नगर पालिका द्वारा आवंटित की गई थी, जिसे बाद में अनियमितताओं के चलते रद्द कर दिया गया था। इसके बावजूद यहां कार्यालय का संचालन जारी रहा, जिसके चलते प्रशासन ने कार्रवाई की।

कार्रवाई के समय समाजवादी पार्टी का कोई बड़ा नेता मौके पर मौजूद नहीं था। पार्टी की ओर से कहा गया है कि कार्यालय पहले ही खाली कर दिया गया था और प्रशासन को इसकी जानकारी दे दी गई थी। प्रशासन ने पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया और कोर्ट आदेश के आधार पर की है।

Share This Article
Leave a Comment