गोमती तट पर योग दिवस कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश

shikha verma
3 Min Read

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर राज्य स्वच्छ गंगा मिशन-उत्तर प्रदेश एवं जिला गंगा समिति, लखनऊ द्वारा गौ घाट स्थित गोमती नदी तट पर योग कार्यक्रम, वृक्षारोपण अभियान और युवा गोमती मित्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नदी एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना था।

कार्यक्रम का आयोजन राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के परियोजना निदेशक जोगिंदर सिंह तथा अवध वन प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी सितांशु पाण्डेय के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों और पर्यावरण प्रेमियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत गोमती नदी तट पर पौधारोपण से हुई। प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि सौरभ वाल्मीकि और रामअवतार कनौजिया सहित अन्य अतिथियों ने योग और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने पर जोर दिया। उन्होंने गोमती नदी संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना भी की।

इसके बाद कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। प्रतिभागियों को स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान गोमती नदी संरक्षण, स्वच्छता, पर्यावरण शिक्षा और जन-जागरूकता के क्षेत्र में योगदान देने वाले युवाओं को “युवा गोमती मित्र सम्मान” से सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में शिवम त्रिपाठी, परेश पाण्डेय, दीपक, उत्कर्ष सिंह चौहान और सौम्या सिंह शामिल रहे।

समापन सत्र में गंगा एवं भारतीय संस्कृति के संबंधों पर आधारित गंगा कथा का आयोजन किया गया। इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को गंगा संरक्षण की शपथ दिलाई गई, जिसमें जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने राज्य स्वच्छ गंगा मिशन और जिला गंगा समिति द्वारा गोमती नदी संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए जनभागीदारी को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

Share This Article
Leave a Comment