प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सितंबर महीने में अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दौरे पर आ सकते हैं। हालांकि अभी उनके दौरे की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन जिला प्रशासन और भाजपा संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को संबोधित करने के साथ-साथ काशी के विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, सावन माह में काशी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रधानमंत्री का दौरा सितंबर में प्रस्तावित किया गया है। फिलहाल प्रशासन और पार्टी पदाधिकारी कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में जुटे हैं। अंतिम मंजूरी मिलने के बाद दौरे की तारीख और विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री वाराणसी के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर सकते हैं। साथ ही एक बड़ी जनसभा को संबोधित कर केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों पर भी चर्चा करेंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अप्रैल के अंतिम सप्ताह में दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर आए थे। उस दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया था और कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया था।
राजनीतिक दृष्टि से भी प्रस्तावित वाराणसी दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री का अपने संसदीय क्षेत्र का दौरा राजनीतिक और विकासात्मक दोनों ही नजरियों से अहम माना जा रहा है।


