यूपीएसएसएससी ने जारी किया परीक्षा कैलेंडर, दिसंबर 2026 तक होंगी भर्ती परीक्षाएं

shikha verma
4 Min Read

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार सरकारी भर्तियों को पारदर्शी, समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से पूरा करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और साक्षात्कारों का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है।

आयोग के परीक्षा नियंत्रक ने जानकारी दी कि विशेष परिस्थितियों में परीक्षा और साक्षात्कार की निर्धारित तिथियों में बदलाव किया जा सकता है। जारी कैलेंडर से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अपनी रणनीति बनाने और तैयारी को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

अगस्त 2026 में होंगी प्रमुख परीक्षाएं

यूपीएसएसएससी कैलेंडर के अनुसार, प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2025)/07 की लिखित परीक्षा 9 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी।

वहीं सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (स्नातक स्तरीय) मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2025)/08 की लिखित परीक्षा 23 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रस्तावित है।

इसके अलावा अनुदेशक फिटर, अनुदेशक ड्राफ्ट्समैन (मैकेनिकल) और अनुदेशक इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम मेंटिनेंस पदों के लिए साक्षात्कार अगस्त 2026 में आयोजित किए जाएंगे।

सितंबर में कई महत्वपूर्ण परीक्षाएं

सितंबर 2026 में आशुलिपिक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2022)/08 और (प्रा.अ. प.-2023)/13 की हिंदी आशुलेखन एवं टंकण परीक्षा 1 सितंबर को प्रस्तावित है।

आबकारी सिपाही मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2025)/09 की लिखित परीक्षा 20 सितंबर को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक तथा भेषजिक (आयुर्वेदिक) मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2023)/01 की परीक्षा दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक आयोजित होगी।

इसके साथ ही वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2025)/13 और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (संयुक्त वर्ग) मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2025)/16 की परीक्षाएं 27 सितंबर को निर्धारित हैं।

अक्टूबर से दिसंबर तक जारी रहेगा परीक्षा दौर

आयोग के अनुसार, प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 अक्टूबर 2026 में आयोजित की जाएगी। इसी माह अनुदेशक मशीनिस्ट पद के लिए साक्षात्कार भी प्रस्तावित हैं।

नवंबर में प्लाटून कमांडर/ब्लॉक ऑर्गनाइजर मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2025)/11 की लिखित परीक्षा 22 नवंबर को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और हवलदार प्रशिक्षक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2025)/12 की परीक्षा दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक होगी।

वहीं गन्ना पर्यवेक्षक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2025)/14 और मोहर्रिर मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2021)/07 की परीक्षाएं 29 नवंबर को प्रस्तावित हैं।

दिसंबर में भी होंगी कई भर्ती परीक्षाएं

दिसंबर 2026 में लेखा परीक्षक एवं सहायक लेखाकार मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2025)/15 की लिखित परीक्षा 20 दिसंबर को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित होगी।

इसी दिन विधान भवन रक्षक एवं विधान भवन अग्निरक्षक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2025)/10 की परीक्षा दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक प्रस्तावित है।

इसके अलावा कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा (प्रा.अ. प.-2023)/12 की टंकण परीक्षा दिसंबर 2026 में आयोजित की जाएगी।

यूपीएसएसएससी के इस परीक्षा कैलेंडर से प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया को गति मिलने के साथ ही अभ्यर्थियों को समयबद्ध तैयारी का अवसर मिलेगा।

Share This Article
Leave a Comment