SSC GD 2026 परीक्षा रद्द, प्रयागराज समेत 5 जिलों में अभ्यर्थियों का हंगामा

shikha verma
2 Min Read

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज सहित पांच जिलों में आयोजित एसएससी कांस्टेबल जीडी 2026 की परीक्षा तकनीकी कारणों के चलते रद्द कर दी गई। इस फैसले के बाद अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश देखने को मिला और कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। रद्द की गई परीक्षाओं में प्रयागराज के अलावा कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर और बिहार के मुजफ्फरपुर के परीक्षा केंद्र शामिल हैं।

कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ओर से परीक्षा रद्द किए जाने की सूचना मिलते ही प्रयागराज में परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र में तोड़फोड़ करते हुए कंप्यूटर, लैपटॉप, सीपीयू और फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया। इसके साथ ही उन्होंने सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन भी किया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।

मामला प्रयागराज के अंदावा स्थित एक परीक्षा केंद्र का है, जहां दूसरी और तीसरी पाली की परीक्षा के लिए भारी संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे थे। आरोप है कि जहां केंद्र की क्षमता लगभग 500 से 600 कंप्यूटर सिस्टम की थी, वहीं हजार से अधिक परीक्षार्थियों को बुला लिया गया। इससे केंद्र पर अव्यवस्था फैल गई और स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।

परीक्षार्थियों का आरोप है कि भीषण गर्मी में दूर-दराज से बुलाए जाने के बावजूद परीक्षा देने की उचित व्यवस्था नहीं की गई। बाद में परीक्षा स्थगित होने की सूचना मिलने पर छात्रों का गुस्सा और बढ़ गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को समझाकर जाम हटवाया गया। इस दौरान एक छात्र को लैपटॉप लेकर भागने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

यह मामला परीक्षा प्रबंधन और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है, जिससे अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment