उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव के एक बयान को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें अपने ‘चच्चू’ शिवपाल यादव को संभालने की नसीहत दी है।
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अगर अखिलेश यादव ने शिवपाल यादव को नियंत्रित नहीं किया तो वह दोबारा सत्ता में आने की कोशिश कर रहे समाजवादी पार्टी के लिए मुश्किल खड़ी कर सकते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को शिवपाल यादव के बयानों पर ध्यान देना चाहिए, वरना जनता उन्हें सत्ता में आने का मौका नहीं देगी।
आजम खान को लेकर शिवपाल के बयान पर हमला
राजभर ने शिवपाल यादव के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने कहा था कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वरिष्ठ नेता आजम खान को गृह मंत्री बनाया जा सकता है। राजभर ने सवाल किया कि जिस व्यक्ति को सजा हो चुकी है, वह चुनाव कैसे लड़ सकता है और मंत्री पद कैसे संभाल सकता है।
उन्होंने शिवपाल यादव के बयान को लेकर सपा की राजनीति पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि पार्टी अपराध से जुड़े लोगों के प्रति नरम रुख अपना रही है।
‘दफ्तर में गुंडा भेजने’ के आरोप का भी किया जिक्र
ओम प्रकाश राजभर ने अपने कार्यालय में एक कथित गुंडे को भेजे जाने के आरोप का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद यह भी सामने आ सकता है कि उनके कार्यालय में कथित तौर पर व्यक्ति को भेजने के पीछे शिवपाल यादव का हाथ था।
राजभर ने अपने बयान में अखिलेश यादव को ‘विभीषण’ की कहानी से सीख लेने की सलाह भी दी। उन्होंने रामायण के प्रसंग का जिक्र करते हुए राजनीतिक अंदाज में कहा कि कलयुग के ‘रावण’ की लंका में आग लगेगी और उसका जरिया ‘विभीषण’ बनेगा।
आजम खान से मुलाकात के बाद शिवपाल ने दिया था बयान
दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव बुधवार को रामपुर जेल में बंद वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान और उनके छोटे बेटे अब्दुल्ला आजम खान से मिलने पहुंचे थे। करीब एक घंटे की मुलाकात के बाद शिवपाल आजम खान के परिवार से मिलने उनके घर भी गए।
इसके बाद वह आजम खान के बड़े बेटे अदीब आजम खान के साथ जौहर विश्वविद्यालय पहुंचे। इसी दौरान शिवपाल यादव ने कहा था कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो आजम खान को गृह मंत्री बनाया जाएगा। उनके इसी बयान के बाद ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी पर हमला बोला है।
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के बीच इस बयानबाजी ने सपा और सत्तारूढ़ गठबंधन के बीच जुबानी जंग को और बढ़ा दिया है।


